राँची में सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ निगम की बड़ी कार्रवाई, हटे अवैध निर्माण

डोरंडा के ग्वाला टोली में निगम ने 1 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया, दो गैरेज, छह खटाल और दुकान समेत कई अवैध संरचनाएं हटाईं।

आदित्य राज

राँची : सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ राँची नगर निगम ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। निगम की टीम ने वार्ड संख्या-45 के ग्वाला टोली, डोरंडा में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर करीब 1 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। कार्रवाई खाता संख्या-213 और प्लॉट संख्या-140 के अंतर्गत आने वाली भूमि पर की गई।

नगर निगम के अनुसार, संबंधित अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार पहले 48 घंटे के भीतर सरकारी जमीन से अवैध कब्जा और निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।

अभियान के दौरान निगम की टीम ने दो अवैध गैरेज, छह अवैध खटाल और एक शेडयुक्त दुकान समेत अन्य अवैध संरचनाओं को हटाया। कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त करा लिया गया।

राँची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि के अलावा सड़क, फुटपाथ, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह का अनधिकृत कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम के अनुसार सार्वजनिक और सरकारी भूमि का संरक्षण सीधे तौर पर जनहित से जुड़ा विषय है, इसलिए ऐसे मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

निगम ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

साथ ही सार्वजनिक भूमि पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निगम ने लोगों से सरकारी एवं सार्वजनिक जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा नहीं करने की अपील की है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.