सुदीव्य कुमार सोनू के निधन पर डीएवी स्कूल में शोकसभा आयोजित

डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह में सुदीव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा हुई, विद्यालय परिवार ने दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी।

विलियम जैकब

गिरिडीह : डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल, गिरिडीह के प्रांगण में आज अत्यंत गमगीन माहौल के बीच झारखंड के नगर विकास, पर्यटन, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी मंत्री श्री सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान पूरे विद्यालय परिवार ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

शोकसभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री ओमप्रकाश गोयल ने कहा कि सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ के असामयिक निधन से केवल गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड ने एक परिपक्व, निष्ठावान, समर्पित और विकास के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व को खो दिया है। उन्होंने कहा कि उनका निधन समाज और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके व्यक्तित्व और जनहित से जुड़े कार्यों को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।

प्राचार्य ने कहा कि सुबह से ही विभिन्न स्थानों से हृदय को मर्माहत करने वाली घटनाओं की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में देश की राजधानी में एक पीजी बिल्डिंग के गिरने से छह बच्चों की मौत और कई लोगों के घायल होने की दुखद खबर ने भी सभी को व्यथित कर दिया। विद्यालय परिवार ने इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले सभी बच्चों और अन्य मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोकसभा में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद शांति पाठ के साथ शोकसभा का समापन किया गया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *