फतेहपुर : विकासखंड असोथर के एडीओ पंचायत कार्यालय में सोमवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यालय की जर्जर छत की सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। घटना रात में होने के कारण कार्यालय में मौजूद करीब आधा दर्जन कर्मचारी और वहां आने-जाने वाले ग्रामीण बाल-बाल बच गए।
कर्मचारियों के अनुसार, सीलिंग गिरने के बाद फांटियों में करंट दौड़ने की शिकायत भी सामने आई है। वहीं छत से लगातार पानी टपकने के कारण कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों, लैपटॉप, कंप्यूटर और प्रिंटर के खराब होने का खतरा बना हुआ है।
कार्यालय में प्रभारी एडीओ पंचायत ललित कुमार गौतम, ब्लॉक सामान्य आदेश कुमार श्रीवास्तव, कंप्यूटर ऑपरेटर जयप्रकाश, सज्जन कुमार और संदीप कुमार मिश्रा समेत अन्य कर्मचारी तैनात हैं। इसी कार्यालय में विकासखंड की 44 ग्राम पंचायतों से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड रखे जाते हैं।
तारों के संपर्क में आने से हादसे का खतरा
कर्मचारियों ने बताया कि सीलिंग गिरने के बाद कार्यालय में बैठकर फाइलों का काम करना मुश्किल हो गया है। ऊपर लटके तारों के संपर्क में आने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। कर्मचारियों ने कार्यालय की छत और विद्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कराकर जरूरी मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी घटना को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि सीलिंग का बड़ा हिस्सा दिन के समय गिरता तो कर्मचारियों के साथ काम से कार्यालय पहुंचे ग्रामीण भी उसकी चपेट में आ सकते थे। ऐसे में समय रहते मरम्मत कराया जाना जरूरी है।
एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा
संयुक्त खंड विकास अधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि कार्यालय की छत की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कराकर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा।
फिलहाल कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों और वहां आने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कर्मचारियों ने रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा को देखते हुए मरम्मत कार्य में देरी नहीं करने की मांग की है।




