फतेहपुर में जलभराव से गिरे मकान, राज्यमंत्री ने लिया जायजा और दिया भरोसा

फतेहपुर के अमनी और गोदोरा में जलभराव से गिरे मकानों का राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

फतेहपुर : लगातार हो रही बारिश के कारण विजयीपुर ब्लॉक के अमनी और गोदोरा ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गांवों के मुख्य रास्ते पानी में डूब गए हैं, जबकि कई कच्चे मकान भी ढह गए। मंगलवार को खागा विधायक एवं पशुधन व दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

राज्यमंत्री ने सबसे पहले जलभराव वाले रास्तों और क्षतिग्रस्त मकानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभावित परिवारों के बीच कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी राहत सामग्री भी वितरित की गई।

पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

कृष्णा पासवान ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का प्रशासन की ओर से आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है और पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद राहत और सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने राज्यमंत्री के सामने जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान और बारिश में गिरे मकानों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।

मौके पर एसडीएम अश्वनी पांडे, सीओ खागा, किशनपुर थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष बृजेश सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष जुगेश सिंह, ग्राम पंचायत सचिव शिवनंदन सिंह, लेखपाल और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

फतेहपुर के निचले इलाकों में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जलभराव की समस्या बढ़ गई है। इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से राहत कार्यों के साथ बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.