मनीष सिन्हा
धनबाद : धनबाद जिले के गोविंदपुर और बलियापुर प्रखंड में पर्याप्त बारिश नहीं होने से पैदा हुई सुखाड़ की स्थिति का मुद्दा सिंदरी विधायक चन्द्रदेव महतो ने झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में उठाया। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने और विशेष सर्वेक्षण कराकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
विधायक ने कहा कि पर्याप्त वर्षा नहीं होने और सिंचाई की समुचित व्यवस्था के अभाव में खरीफ फसलें बर्बादी के कगार पर पहुंच गई हैं। किसानों ने अपनी जमा पूंजी और पूरी मेहनत खेती में लगा दी, लेकिन बारिश की कमी ने उनकी उम्मीदों पर संकट खड़ा कर दिया है।
बारिश का इंतजार नहीं, जमीन पर राहत पहुंचाए सरकार
चन्द्रदेव महतो ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सरकार केवल बारिश होने का इंतजार न करे, बल्कि प्रभावित किसानों तक तत्काल राहत पहुंचाने की दिशा में कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि खेती पर निर्भर किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।
उन्होंने सरकार से विशेष सर्वेक्षण कराकर प्रभावित इलाकों को सुखाड़ग्रस्त घोषित करने की मांग की। साथ ही किसानों को फसल क्षति के आधार पर उचित मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग भी विधानसभा में रखी।
विधायक ने कहा कि समय रहते किसानों को सरकारी सहायता नहीं मिली तो फसल खराब होने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का तत्काल आकलन कर राहत प्रक्रिया शुरू करना जरूरी है।




