विलियम जैकब
गिरिडीह : तेलोडीह पंचायत सचिवालय में रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें तेलोडीह, खावा, जीतपुर और करहरबारी पंचायतों के BLO, फ्रंटलाइन वर्कर और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान सामने आ रही समस्याओं, अनोमालिज और नोटिस प्रक्रिया को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक जानकारी देना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक ने SIR अभियान के दौरान सामने आ रही अनोमालिज और नोटिस से जुड़ी प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा, उनके लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर नोटिस का जवाब देना अनिवार्य होगा।
उन्होंने दस्तावेजों के सत्यापन, रिकॉर्ड अपडेट करने और मतदाता सूची में किसी भी तरह की त्रुटि पाए जाने पर उसके सुधार की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने संबंधित कर्मियों से अभियान के दौरान नियमों का पालन करते हुए सही और प्रमाणित जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया।
मौके पर तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम ने भी BLO, फ्रंटलाइन वर्करों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने SIR अभियान को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद है। इसलिए सभी संबंधित कर्मियों को घर-घर जाकर सही जानकारी एकत्र करनी चाहिए और लोगों को नोटिस मिलने की स्थिति में समय पर जवाब देने के लिए जागरूक करना चाहिए।
मुखिया ने नोटिस प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों और पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुनरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मियों को सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 24 अगस्त को तेलोडीह पंचायत सचिवालय में जाति प्रमाणपत्र, आवासीय प्रमाणपत्र और जन्म प्रमाणपत्र बनाने के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। पंचायतवासियों से अपील की गई कि वे शिविर में पहुंचकर अपने आवश्यक दस्तावेज तैयार करा लें, ताकि भविष्य में प्रशासनिक या दस्तावेजी प्रक्रिया से जुड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, BLO, फ्रंटलाइन वर्कर और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मियों से SIR अभियान को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करने और लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।




