खरसावां में पीडीएस स्टॉक का खुलासा, 19 हजार किलो अनाज गायब मिला

खरसावां के तेलीसाई पीडीएस दुकान के सत्यापन में 15,142 किलो चावल और 3,892 किलो गेहूं के स्टॉक में अनियमितता मिली, डीलर गिरफ्तार।

 

खरसावां I सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में खाद्यान्न स्टॉक की अनियमितता के मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद खरसावां प्रखंड के तेलीसाई गांव निवासी पीडीएस डीलर विनोद नायक (45) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अनुसंधान और तथ्यों के सत्यापन के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

प्रशासन के अनुसार, खरसावां प्रखंड की निलंबित जन वितरण प्रणाली दुकानों में खाद्यान्न स्टॉक और अभिलेखों का विशेष सत्यापन कराया जा रहा था। इसी दौरान तेलीसाई गांव स्थित विनोद नायक की पीडीएस दुकान में स्टॉक को लेकर गंभीर विसंगति सामने आई। अभिलेखों के मुताबिक दुकान में 15,142 किलोग्राम चावल और 3,892 किलोग्राम गेहूं उपलब्ध होना चाहिए था। लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान दुकान में चावल का स्टॉक शून्य पाया गया।

मामले को लेकर 29 मई 2026 को खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 316(5) और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी के अनुसंधान के दौरान उपलब्ध तथ्यों और अभिलेखों का सत्यापन किया। इसके बाद पीडीएस डीलर विनोद नायक को गिरफ्तार कर लिया गया।

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पीडीएस दुकानों में खाद्यान्न के स्टॉक, अभिलेखों और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। जांच के दौरान किसी दुकान में खाद्यान्न की अनियमितता, दुरुपयोग, गबन या अभिलेखों में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों के खाद्य सुरक्षा अधिकारों से जुड़ी पीडीएस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, पीडीएस व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जांच और निगरानी की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *