हुसैनाबाद I पलामू के हुसैनाबाद प्रखंड के सुदूरवर्ती महुदंड ग्राम पंचायत में मोबाइल नेटवर्क की समस्या आज भी सरकारी कामकाज में बड़ी बाधा बनी हुई है। नेटवर्क नहीं मिलने का आलम यह है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के लिए हुसैनाबाद के अंचल अधिकारी (सीओ) को अपनी टीम के साथ पहाड़ की चोटी पर पहुंचना पड़ा।
महुदंड पंचायत में इन दिनों एसआईआर कार्य चल रहा है। गांव के नीचे मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण सीओ और उनकी टीम ने पहाड़ की चोटी पर पेड़ के नीचे ही अस्थायी कार्यालय बना लिया। वहां कुर्सियां लगाकर रजिस्टर और मोबाइल के सहारे ऑनलाइन डाटा एंट्री एवं सत्यापन का काम किया गया।
सरकारी काम निपटाने के लिए अधिकारियों को पहाड़ पर चढ़ते देख स्थानीय लोगों में भी इसकी चर्चा रही। ग्रामीणों के अनुसार महुदंड पंचायत के कई टोलों में वर्षों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। नेटवर्क नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई से लेकर सरकारी योजनाओं से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रियाओं तक में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल नेटवर्क आज की जरूरत बन चुका है, लेकिन पंचायत के कई हिस्सों में इसकी सुविधा नहीं पहुंची है। सरकारी कर्मचारी भी ऑनलाइन कार्यों को पूरा करने के लिए नेटवर्क वाले स्थान की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। एसआईआर जैसे जरूरी कार्य के दौरान अधिकारियों को पहाड़ की चोटी पर बैठकर काम करना पड़ा, जिससे समस्या की गंभीरता साफ दिखाई देती है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से महुदंड पंचायत में मोबाइल टावर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों, ग्रामीणों और सरकारी कर्मियों को राहत मिलेगी तथा सरकारी कामकाज के लिए अधिकारियों को पहाड़ पर चढ़कर अस्थायी कार्यालय नहीं बनाना पड़ेगा।




