जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ गांव निवासी भोला साव की पत्नी ललिता देवी बुधवार को अपने ससुर के साथ पंजाब नेशनल बैंक से चार लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तीनकोनिया रोड स्थित प्रधान डाकघर के पास एक बदमाश उनके हाथ से रुपये वाला झोला छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने शहर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जल्द उद्भेदन का निर्देश दिया। टीम में शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
पुलिस ने अनुसंधान के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी सहायता से संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में छापेमारी कर हैदर अंसारी को गिरफ्तार किया गया।
एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर लूटे गए चार लाख रुपये बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी पंजाब नेशनल बैंक में मजदूरी का काम करता था। इसी दौरान उसने ललिता देवी को अपने ससुर के साथ बैंक से चार लाख रुपये निकालते हुए देखा था। इसके बाद उसने महिला का पीछा किया और प्रधान डाकघर के पास मौका पाकर रुपये से भरा झोला छीनकर फरार हो गया।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। प्रेस वार्ता में शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, एसआई श्रीराम शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।



