सुल्तानपुर : जिले में पहुंचे होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति को होमगार्ड जवानों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। जवानों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर से आवश्यक आदेश जारी किए जाने की जरूरत है।
जवानों का कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में होमगार्ड अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी भी कई मूलभूत सुविधाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मंत्री से होमगार्ड जवानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।
ज्ञापन में होमगार्ड जवानों के ड्यूटी दिवस बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। जवानों ने नियमित प्रशिक्षण की व्यवस्था किए जाने तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। उनका कहना है कि सेवा के दौरान बेहतर प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से वे अपनी जिम्मेदारियों का और प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
इसके अलावा जवानों ने 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर एकमुश्त सम्मानजनक धनराशि देने की मांग की। सेवा अवधि के दौरान भोजन भत्ते में बढ़ोतरी और ड्यूटी के दौरान किसी जवान की मृत्यु होने की स्थिति में उसके आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।
होमगार्ड जवानों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय होने से जवानों और उनके परिवारों को राहत मिल सकती है। उन्होंने मंत्री से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई कराने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर होमगार्ड वंशराज प्रजापति, बलराम प्रजापति, फिरोज अहमद, सुरेंद्र प्रसाद, हिमांशु सिंह, मोहम्मद परवेज, राम तीरथ प्रजापति, जितेंद्र तिवारी, कृष्ण कुमार यादव, कमलेश कुमार, राजाराम प्रजापति, सियाराम यादव, देव नाथ तिवारी, मोहम्मद रियाज समेत अन्य जवान मौजूद रहे।




