मनीष सिन्हा
धनबाद : बाबा भोलेनाथ की भक्ति और आस्था के बीच रविवार को जगजीवन नगर स्थित मानस मंदिर से कांवड़ियों का जत्था पवित्र कांवड़ यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने शिवभक्त कांवड़ियों से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
कांवड़ियों के रवाना होने के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। शिवभक्तों में यात्रा को लेकर उत्साह दिखा। विधायक राज सिन्हा ने कांवड़ियों की आस्था और श्रद्धा को नमन करते हुए उनकी यात्रा के सुखद, सुरक्षित और सफल होने की कामना की।
विधायक ने कहा कि बाबा भोलेनाथ की भक्ति और आस्था से ओत-प्रोत यह पवित्र यात्रा सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने महादेव से सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने और उनके जीवन को खुशियों से भरने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सभी श्रद्धालु पूरे उत्साह और विश्वास के साथ यात्रा पूरी करें तथा बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किए जाने से कांवड़ियों में भी उत्साह देखने को मिला। इसके बाद शिवभक्त अपने निर्धारित यात्रा मार्ग पर बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए।




