सुलतानपुर : मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए अंकुरण परिवार ने एक बार फिर लावारिस और निराश्रित व्यक्ति को सम्मानजनक अंतिम विदाई दी। संस्था की ओर से अब तक 70 लावारिस शवों का पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कराया जा चुका है।
संस्था द्वारा अंतिम विदाई दिए गए 70वें व्यक्ति का नाम संजीव उर्फ संजू था। बताया जाता है कि करीब तीन वर्ष पहले उसे गोरखपुर से अमेठा मानसिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। वह टीबी रोग से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था।
अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर संजू को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मानसिक स्वास्थ्य केंद्र की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद 5 अगस्त को हथियानाला स्थित श्मशान घाट पर अंकुरण परिवार के सदस्यों ने संजीव उर्फ संजू का अंतिम संस्कार कराया। संस्था की ओर से मो. आरिफ खान और डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव ने मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार के दौरान अनुराग श्रीवास्तव, बृजेश सिंह, प्रज्ज्वल श्रीवास्तव सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अंकुरण परिवार ने कहा कि जिन लोगों की अंतिम यात्रा में कोई अपना शामिल नहीं होता, उनके लिए मानवता ही परिवार बनकर उनका साथ निभाती है।




