खेत में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
रायबरेली। जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा गांव में समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष राधेश्याम यादव (45) की रविवार दोपहर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गए थे, जहां अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। देर शाम ग्रामीणों ने खेत में शव पड़ा देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस, क्षेत्राधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद होने की भी बात सामने आई है। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और न ही किसी प्रकार का भूमि विवाद था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। हत्या की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।



