अंजाम तक पहुंची तो बढ़ेगी साख, भटकी तो विपक्ष को मिलेगा बड़ा मुद्दा
प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज में कथित अनियमितताओं और खरीद प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सदर विधायक की शिकायत के बाद शासन स्तर पर जांच और भुगतान पर रोक की कार्रवाई ने जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। शिकायत के बाद गठित जांच टीम को विधायक की पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे उन्हें आमजन के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अब यह मामला केवल शिकायत तक सीमित नहीं रह गया है। यदि जांच निष्पक्ष, समयबद्ध और तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचती है तथा दोषियों पर कार्रवाई होती है, तो सदर विधायक की छवि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त जनप्रतिनिधि के रूप में और मजबूत हो सकती है। वहीं यदि जांच की गति धीमी पड़ती है, दिशा बदलती हुई दिखाई देती है या मामला लंबे समय तक ठंडे बस्ते में चला जाता है, तो यही प्रकरण आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष के लिए बड़ा राजनीतिक हथियार बन सकता है।
सूत्रों के अनुसार, शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। विभिन्न स्तरों पर स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि इन प्रयासों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, शासन द्वारा गठित जांच टीम से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की अपेक्षा की जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जनता अब केवल आरोपों या बयानों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि जांच के ठोस परिणाम और जवाबदेही देखना चाहेगी। ऐसे में यह मामला सदर विधायक के लिए राजनीतिक उपलब्धि भी बन सकता है और यदि जांच अपेक्षित परिणाम तक नहीं पहुंची तो चुनावी चुनौती का कारण भी।
फिलहाल जिले की निगाहें जांच की प्रगति और शासन के अगले कदम पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि मेडिकल कॉलेज में कथित अनियमितताओं का यह चर्चित मामला प्रशासनिक कार्रवाई का उदाहरण बनेगा या फिर राजनीतिक बहस का स्थायी विषय।




