रामगढ़ में हाथियों के बीच सेल्फी का जुनून पड़ा भारी, गजराज के हमले में युवक की मौत

रामगढ़। जिले के गोबरदाहा कैथा दामोदर नदी क्षेत्र के साथ रजरप्पा और गोला वन क्षेत्र में इन दिनों करीब 45 जंगली हाथियों का झुंड अलग-अलग हिस्सों में भ्रमणशील है। इसी बीच हाथियों के करीब जाकर फोटो, वीडियो और सेल्फी लेने का जुनून एक युवक की

रामगढ़। जिले के गोबरदाहा कैथा दामोदर नदी क्षेत्र के साथ रजरप्पा और गोला वन क्षेत्र में इन दिनों करीब 45 जंगली हाथियों का झुंड अलग-अलग हिस्सों में भ्रमणशील है। इसी बीच हाथियों के करीब जाकर फोटो, वीडियो और सेल्फी लेने का जुनून एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। गोबरदाहा क्षेत्र में हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई।

घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए लोगों को सतर्क किया। मृतक की पहचान यशवंत कुमार महतो, पिता गणेश महतो, निवासी छोटकी पुनू, पोस्ट बड़कापुनू, थाना महुआटांड़, बोकारो के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक हाथियों के काफी करीब पहुंच गया था। इसी दौरान हाथियों ने उसे दौड़ाकर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में माइकिंग कर ग्रामीणों एवं आम लोगों को हाथियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की। वन विभाग के पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि हाथी की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हाथियों को देखने के लिए उनके बेहद करीब न जाएं और फोटो, वीडियो अथवा सेल्फी बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। हाथियों का व्यवहार कभी भी अचानक बदल सकता है।

विशेष रूप से नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी और उसके झुंड के करीब जाना बेहद जोखिमपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधि की सूचना मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग की टीम के निर्देशों का पालन करने की अपील की। वन विभाग के अनुसार, 19 अगस्त को एक हथिनी ने नवजात शावक को जन्म दिया था, जिसके बाद हाथियों की गतिविधियों में बदलाव देखा गया है। क्षेत्र में मौजूद हाथियों के झुंड में से पांच हाथियों को दामोदर नदी के दूसरी ओर स्थित जंगल की तरफ ले जाया गया है, जबकि दो शावकों समेत तीन हाथी गोबरदाहा के समीप दामोदर नदी के आसपास नवजात शावक के साथ जमे हुए हैं।

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके प्राकृतिक गलियारे एवं वन क्षेत्र की ओर भेजने का प्रयास कर रही है। वन विभाग द्वारा लगातार माइकिंग कर लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि हाथियों के नजदीक जाकर उन्हें देखने, फोटो-वीडियो बनाने या सेल्फी लेने की कोशिश न करें। विभाग की टीम हाथियों की निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। रामगढ़ और आसपास के वन क्षेत्रों में बढ़ती हाथियों की गतिविधियों के बीच विभाग ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि हाथी देखने का रोमांच जिंदगी से बड़ा नहीं है। एक तस्वीर या सेल्फी के लिए हाथियों के करीब जाना मौत को न्योता देने के समान है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *