न्यू लोटस गेमिंग’ सट्टेबाजी गिरोह का खुलासा, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

कुंडा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश कर एक युवक को पकड़ा; बैंक खातों के जरिए रकम के लेन-देन का आरोप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद।

प्रतापगढ़ : कुंडा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ‘न्यू लोटस गेमिंग’ से जुड़े कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 8 मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और क्यूआर कोड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह कमीशन पर दूसरे लोगों के बैंक खाते लेकर उनका इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ी रकम के लेन-देन के लिए करता था। पुलिस का दावा है कि सट्टे से प्राप्त रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर छिपाने का प्रयास किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तिलौरी मोड़ स्थित शिवपुरम कॉलोनी में जांच के दौरान सौरभ सिंह पुत्र अरविंद कुमार सिंह, निवासी तिलक का पुरा, थाना मऊआइमा, प्रयागराज को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने शैलेन्द्र प्रताप सिंह के साथ मिलकर ‘न्यू लोटस गेमिंग’ की ऑनलाइन सट्टेबाजी ब्रांच संचालित करने की जानकारी दी।

जांच के दौरान पुलिस को मामले में शैलेन्द्र प्रताप सिंह, हरिगोविंद सिंह, अनीश और नीरज समेत अन्य लोगों की कथित संलिप्तता की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस ने मौके से 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, 15 बैंक पासबुक, 9 चेकबुक और 7 एटीएम कार्ड बरामद किए। इसके अलावा 5 बड़े और 4 छोटे प्लास्टिक क्यूआर कोड, 11 रियल गोल्ड पेटीएम क्यूआर कोड, 2 क्यूआर कोड स्टैंड, 2 गूगल-पे मशीन, 22 पेटीएम क्यूआर ट्रांसफर और 12 गूगल-पे क्यूआर कोड भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

बरामद सामान में 6 एटीएम स्लिप, 5 रजिस्टर और डायरी, 4 अटैण्डेंट कार्ड तथा एक आधार कार्ड भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री की जांच से ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क और उसके वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

मामले में थाना कुंडा में बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत पांच नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस टीम में निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह, चन्द्रबली सिंह, राजकुमार यादव, कांस्टेबल हरेन्द्र कुमार, प्रतीक यादव, हर्षवर्धन सिंह, रिजर्व कांस्टेबल दिलीप यादव, रिजर्व महिला आरक्षी स्वेता राय और रिजर्व महिला कांस्टेबल जानकी शामिल रहे। पुलिस अब कथित सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *