संजय सिंह
समस्तीपुर : जिले के बिथान प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मुरली में महात्मा गांधी की जयंती को अहिंसा दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शांति मार्च निकालकर सत्य, अहिंसा, शांति और स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में प्रधान शिक्षक रंजीत कुमार रमण के नेतृत्व में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रपिता को श्रद्धापूर्वक याद किया।
गांधी के विचारों से छात्रों को कराया परिचित
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रधान शिक्षक रंजीत कुमार रमण ने कहा कि गांधी जी का जीवन केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा, त्याग और दृढ़ संकल्प का ऐसा प्रतीक है, जिसने पूरी दुनिया को शांति का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि समानता, शांति और मानवता के प्रति गांधी जी के विचारों ने भारत को आजादी के संघर्ष में दिशा दी और दुनिया के सामने अहिंसा का एक प्रभावी रास्ता रखा। बापू का जीवन यह संदेश देता है कि अडिग संकल्प और नैतिक मूल्यों के बल पर बड़े से बड़े अन्याय का सामना किया जा सकता है।
प्रधान शिक्षक ने छात्रों से कहा कि महात्मा गांधी से सत्य बोलने, अहिंसा का पालन करने, सभी के प्रति समान भाव रखने, स्वच्छता अपनाने, सादगीपूर्ण जीवन जीने तथा देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।
छात्रों ने निकाला शांति मार्च
कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के पोषक क्षेत्र में शांति मार्च निकाला। मार्च के माध्यम से बच्चों ने लोगों को शांति, अहिंसा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मौके पर शिक्षक बैरागी पासवान, राजकिशोर राय, उपेन्द्र मल्लिक समेत छात्र रजनीश कुमार, सोनू कुमार, मनखुश कुमार, गौरव कुमार, निखिल कुमार, राजू कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




