लखनऊ : आम आदमी पार्टी ने अमेठी की मीनाक्षी श्रीवास्तव को राष्ट्रीय परिषद का सदस्य नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मीनाक्षी श्रीवास्तव ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
मीनाक्षी श्रीवास्तव ने कहा कि आंदोलन के दौर से लेकर अब तक पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारियां सौंपीं, उन्हें उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास किया है। अब राष्ट्रीय परिषद की नई जिम्मेदारी को भी पूरी लगन के साथ निभाते हुए आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देने का प्रयास करेंगी।
बताया गया कि टीकरमाफी से लेकर गाजियाबाद तक संघर्ष और जनसेवा के जरिए अपनी पहचान बनाने वाली मीनाक्षी श्रीवास्तव को पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने से समर्थकों में उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने इसे अमेठी और क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया।
नई जिम्मेदारी के साथ मीनाक्षी श्रीवास्तव की भूमिका अब पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के संगठनात्मक मंच पर भी महत्वपूर्ण होगी। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि वह जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय परिषद के माध्यम से मजबूती से उठाएंगी।




