सिंदरी : भारतीय जीवन बीमा अभिकर्ता संघ (लियाफी) की सिंदरी शाखा ने 15 अक्टूबर 2026 को स्थापना दिवस की विस्तारित अवधि के अंतिम दिन कार्यक्रम आयोजित कर संगठनात्मक मजबूती और सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की। शाखा सचिव ओमेश्वर सिंह के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में अभिकर्ताओं के मान-सम्मान, स्वाभिमान और व्यावसायिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जोनल अध्यक्ष प्रशांत कुमार दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी शंकर शुक्ला के नेतृत्व में लियाफी अपने पूर्वज पुरकायस्थ के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि संगठन अभिकर्ताओं के मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट से लेकर सड़क और संसद तक संघर्ष कर रहा है।
उन्होंने आगामी 24 जनवरी 2027 को पटना चलो कार्यक्रम का आह्वान करते हुए कहा कि अभिकर्ता व्यवसाय संरक्षण दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें। उन्होंने अभिकर्ताओं से अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार आवाज उठाने और संगठन के आंदोलन को मजबूती देने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित मंडल अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सदस्यों की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, फेडरल ईसी मेंबर ने अधिक से अधिक पैटर्न मेंबरशिप दिलाकर संगठन की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर झरिया शाखा अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि संगठनात्मक सक्रियता और एकजुटता के माध्यम से ही अभिकर्ताओं के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने संगठन के प्रत्येक सदस्य से अपनी जिम्मेदारी निभाने और सामूहिक प्रयासों को गति देने की अपील की।
कार्यक्रम में बिनोद झा, रामजन्म मिश्रा, सुनील पांडेय, परेश चंद्र मंडल, राजेश मंडल, प्रद्युत बनर्जी, गणेश सिंह, उदय शंकर दुबे, हरे राम सिंह, संदीप सिंह, शिव कुमार दुबे, सत्येन्द्र दुबे, अजय कुमार दास, पंकज सिंह और बाप्पि ओझा समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और सशक्तिकरण के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का संकल्प दोहराया। सदस्यों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर एकजुटता का प्रदर्शन किया और अभिकर्ताओं के अधिकारों तथा हितों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया।




