. दलीप ट्रॉफी फाइनल में कोनैन कुरैशी का शतक, धनबाद में जश्न

दलीप ट्रॉफी फाइनल में 116 रन की नाबाद पारी खेलने वाले धनबाद के कोनैन कुरैशी के शानदार प्रदर्शन पर डीसीए कार्यालय में केक काटकर जश्न मनाया गया।

मनीष सिन्हा 

धनबाद : धनबाद के डिगवाडीह निवासी युवा क्रिकेटर कोनैन कुरैशी ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शानदार शतकीय पारी खेलकर जिले के क्रिकेट प्रेमियों को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के पदाधिकारियों में खुशी का माहौल है। रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में कोनैन की शानदार पारी का जश्न मनाया गया। उभरते हुए क्रिकेटरों ने केक काटा और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।

कोनैन कुरैशी को दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में पश्चिम क्षेत्र के खिलाफ मैदान में उतरने का मौका मिला था। यह उनके करियर का पहला प्रथम श्रेणी मुकाबला था। खास बात यह रही कि इससे पहले उन्होंने एक भी रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेला था। इसके बावजूद कोनैन ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा।

दलीप ट्रॉफी के पांच दिवसीय फाइनल में कोनैन दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ मैदान पर उतरे। मुकाबले की दूसरी पारी में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 116 रन बनाए। पहली पारी में भी कोनैन ने 40 रन की उपयोगी पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी प्रभाव छोड़ा और दो विकेट हासिल किए। इनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल रहा।

कोनैन के ऑलराउंड प्रदर्शन ने फाइनल में उनकी टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। इशान किशन की कप्तानी में पूर्व क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। वहीं, फाइनल में कोनैन की नाबाद शतकीय पारी ने धनबाद के क्रिकेट जगत में उनकी पहचान को और मजबूत कर दिया है।

डीसीए कार्यालय में आयोजित जश्न के दौरान डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और जावेद खान, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, अरविंद महता, सुनील कुमार, संजीव राणा, अशीत सहाय, रियाज खान, नायब अली, राजेश, मो. शाकिब, कुंदन कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

डीसीए पदाधिकारियों और उभरते क्रिकेटरों ने कोनैन की इस उपलब्धि को धनबाद के लिए गौरव का क्षण बताया और उनके उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की कामना की।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.