लोहरदगा : शिक्षक दिवस के अवसर पर डायट चिरी, लोहरदगा में आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में ककरगढ़ के गुरु-शिष्य की जोड़ी ने सभी का ध्यान खींचा। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पाठक सर और पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जिंगी के शिक्षक ज्याउल सर को जिला स्तरीय शैक्षिक योगदान सम्मान से सम्मानित किया गया।
समारोह में डीईओ और एसडीईओ द्वारा दोनों शिक्षकों को शॉल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। हालांकि कार्यक्रम का सबसे खास और भावुक क्षण तब आया, जब गुरु और शिष्य एक ही मंच पर सम्मान ग्रहण करते नजर आए।
पाठक सर कभी ज्याउल सर को पढ़ाया करते थे। समय का पहिया बदला और वही शिष्य आज खुद शिक्षक बनकर विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहे हैं। शिक्षक दिवस के मौके पर गुरु और शिष्य का एक साथ सम्मानित होना समारोह के लिए यादगार पल बन गया।
ज्याउल सर ककरगढ़ गांव के निवासी हैं और वर्तमान में पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जिंगी में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके जिला स्तरीय सम्मान से पूरे ककरगढ़ गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
जिस गुरु ने कभी शिष्य को ज्ञान की राह दिखाई, आज उसी गुरु के साथ शिष्य का सम्मानित होना गुरु-शिष्य परंपरा की खूबसूरत मिसाल बन गया। यह भावुक और गौरवपूर्ण क्षण दोनों शिक्षकों के साथ-साथ उनके परिवार, विद्यार्थियों और पूरे गांव के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।




