मनीष सिन्हा
बाघमारा : बीके-02 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमुनिया हाईवॉल में कोयले से संबंधित अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने को लेकर सुरक्षा अधिकारियों ने महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया। बैठक में क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों की पहचान कर उन्हें प्रभावी तरीके से बंद कराने की रणनीति पर चर्चा की गई।
विचार-विमर्श के दौरान जमुनिया हाईवॉल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, लगातार निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।
बैठक में सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने की आवश्यकता जताई।
इस दौरान उपमहानिरीक्षक, सेक्टर कमांडर, एरिया कमांडर और कंपनी कमांडर सहित अतिरिक्त बल के सदस्य मौजूद रहे। वहीं, बीसीसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सुरक्षा) सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
अधिकारियों के बीच हुई इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य जमुनिया हाईवॉल क्षेत्र में कोयले से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना रहा।




