विलियम जैकब
गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स की रैंक सेरेमनी गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। समारोह में कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और बेहतर प्रदर्शन को सम्मान देते हुए छह कैडेट्स को अलग-अलग महत्वपूर्ण रैंक प्रदान किए गए।
एनसीसी की सीटीओ प्रोफेसर विनीता कुमारी ने समारोह के दौरान रमेश सोरेन को सीनियर अंडर ऑफिसर, शुभम राजपूत, संध्या कुमारी और रूबी कुमारी को अंडर ऑफिसर, रवि रंजन बास्की को कंपनी सार्जेंट मेजर तथा शुभम कुमार तिवारी को सार्जेंट का रैंक प्रदान किया।
नई जिम्मेदारी के साथ कैडेट्स ने लिया संकल्प
रैंक मिलने के दौरान कैडेट्स में खासा उत्साह देखने को मिला। नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद कैडेट्स ने एनसीसी की गरिमा, अनुशासन और परंपराओं को बनाए रखने के साथ अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
सीटीओ प्रो. विनीता कुमारी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रैंक केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और नेतृत्व का प्रतीक है।
उन्होंने रैंक प्राप्त करने वाले सभी कैडेट्स से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और कुशल नेतृत्वकर्ता बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कॉलेज परिसर में दिखा गर्व और उत्साह
रैंक प्राप्त करने वाले कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह के समापन पर कॉलेज परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम ने कैडेट्स के भीतर नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया।
मौके पर पूर्व सीनियर अंडर ऑफिसर सागेन सोरेन, अंडर ऑफिसर सलोनी जायसवाल, उमेश सोरेन, सविता मरांडी समेत कॉलेज के सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।




