विलियम जैकब
गिरिडीह : गांधी जयंती के अवसर पर गिरिडीह महानगर अंतर्गत भाजपा नगर मंडल की ओर से नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा ‘सिंकू’ के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई की।
इसके बाद बाबू वीर कुंवर सिंह चौक और स्टेशन रोड स्थित भाजपा नगर कार्यालय परिसर में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। नगर कार्यालय में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
गांधी और शास्त्री के आदर्शों को किया याद
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, दिनेश यादव और चुन्नूकांत ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। नेताओं ने दोनों महापुरुषों के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।
नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अवसर पर चलने वाले अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे लोगों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है।
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
स्वच्छता अभियान और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व मेयर सुनील पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ, विनीता कुमारी, महादेव दुबे, राजेश जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।



