जमबहार में गांधी जयंती फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, मेजबान जीता

जेएनवाईएस क्लब जमबहार के तत्वावधान में 17वें गांधी जयंती मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ, उद्घाटन मैच में जमबहार और नाइट क्लब सिमडेगा जीते।

ठेठईटांगर I जमबहार फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को जेएनवाईएस क्लब जमबहार के तत्वावधान में 17वें गांधी जयंती मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज और विशिष्ट अतिथि ठेठईटांगर थाना के एसआई राजेश कुमार दास मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया।

उद्घाटन मैच पुरुष वर्ग में पंडरीपानी और मेजबान जमबहार की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। अंत में जमबहार की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

वहीं बालिका वर्ग के मुकाबले में नाइट क्लब सिमडेगा और डियर सिस्टर बरपानी की टीम आमने-सामने हुईं। इस मुकाबले में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। नाइट क्लब सिमडेगा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 से मुकाबला अपने नाम किया।

खेल से युवा बना सकते हैं बेहतर भविष्य : बिपिन पंकज मिंज

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर भविष्य बनाने का अवसर देता है।

उन्होंने खिलाड़ियों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। प्रखंड प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र के कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर विभिन्न स्तरों पर पहचान बनाई है। युवाओं को ऐसे खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की जरूरत है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को खेला जाएगा। प्रतियोगिता को चार ग्रुप में विभाजित किया गया है, जिसमें बालक और बालिका दोनों वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।

उद्घाटन मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मैदान में पहुंचे। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में अमित बागे, संजय केरकेट्टा, सुभाष सोरेंग, किरण केरकेट्टा, अरुण, अशोक, महिमा केरकेट्टा, संजीत सहित आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *