फतेहपुर : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पूरा प्रेक्षागृह देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई और इसके बाद पूरे सभागार में राष्ट्रगान गूंज उठा। राष्ट्रगान के दौरान माहौल पूरी तरह देशभक्ति से भर गया।
शिक्षा, खेल और कला की प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण फतेहपुर की उन प्रतिभाओं का सम्मान रहा, जिन्होंने शिक्षा, खेल, कला, समाजसेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। राज्यमंत्री और मंचासीन अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभाओं को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शिक्षक, पुलिसकर्मी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, हर्षोल्लास और राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




