‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में सेंट जेवियर्स के छात्रों ने रचा हरियाली का इतिहास

समस्तीपुर के सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने 1000 महोगनी, 300 आम समेत अन्य पौधे लगाए।

संजय कुमार सिंह

समस्तीपुर : जिले के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत रोसड़ा-दलसिंहसराय मुख्य पथ के दाहु चौक स्थित सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल +2 में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए विद्यालय परिसर में 1000 महोगनी और 300 आम के फलदार पौधों सहित अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए।

राष्ट्रीय शिक्षा रत्न-गोल्ड मेडल से सम्मानित और सीबीएसई, नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त इस विद्यालय में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम विद्यालय के प्रबंधक सह निदेशक विजय कुमार चौधरी के निर्देशन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने पौधे लगाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य सहित सभी शिक्षक और विद्यालय कर्मी मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।

पौधरोपण अभियान के माध्यम से विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने के साथ विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया। बड़ी संख्या में लगाए गए पौधों के संरक्षण और देखभाल पर भी जोर दिया गया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *