मनीष सिन्हा
धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। बुधवार, 2 सितंबर 2026 को अपराध नियंत्रण और निगरानी के दौरान RPF की स्पेशल टास्क टीम ने ट्रेन संख्या 13051 के जनरल कोच से 130 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल कीमत ₹38,160 बताई गई है।
जनरल कोच में लावारिस मिले 8 बैग और थैले
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देशन में निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में RPF पोस्ट धनबाद की स्पेशल टास्क टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 के प्लेटफॉर्म नंबर 03 पर करीब 1:32 बजे पहुंचने के बाद पीछे के जनरल कोच की जांच की गई।
जांच के दौरान कोच में एक साथ छह बैग और दो थैले संदिग्ध हालत में पड़े मिले। RPF जवानों ने यात्रियों से इनके मालिकाना हक के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने इन सामानों पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद संदेह के आधार पर सभी बैग और थैलों को खोलकर जांच की गई।
जांच में बड़ी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब मिली। ट्रेन के धनबाद स्टेशन पर कम समय के ठहराव को देखते हुए सभी बैग और थैलों को प्लेटफॉर्म नंबर 03 के हावड़ा छोर पर उतारा गया। गवाहों की मौजूदगी में जांच करने पर शराब की कुल मात्रा 130 लीटर और अंकित कीमत ₹38,160 पाई गई। बरामद शराब की बोतलों और केन पर “FOR SALE IN WB ONLY” लिखा हुआ था।
Hayward, Royal Stag और Budweiser की शराब जब्त
RPF ने मौके पर मौजूद गवाहों के समक्ष करीब 1:50 बजे सभी शराब और बीयर को जब्त कर लिया। बरामद सामान में Hayward 5000 Premium Strong Beer, Royal Stag अंग्रेजी शराब और Budweiser Magnum Beer शामिल है।
जब्त सामान में Adidas के नीले पिट्ठू बैग से 500 एमएल की 50 केन Hayward 5000 Premium Strong Beer और 500 एमएल की दो बोतल Royal Stag मिलीं। Shree Leather के काले पिट्ठू बैग से 12 केन Hayward 5000 और 18 बोतल Royal Stag बरामद की गई।
SPORTS लिखे काले पिट्ठू बैग से 54 केन Hayward 5000, जबकि American Tourister के हल्के हरे पिट्ठू बैग से 38 केन Hayward 5000 मिलीं। Safari के ग्रे पिट्ठू बैग से चार केन Hayward 5000 और 24 केन Budweiser Magnum Beer बरामद की गई।
इसके अलावा HP लिखे काले पिट्ठू बैग से 30 केन Hayward 5000, नीले रंग के थैले से 18 केन Hayward 5000 और Morrisons लिखे खाकी रंग के जूट के थैले से 10 केन Hayward 5000 बरामद की गई।
अज्ञात तस्कर, उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा सामान
कार्रवाई के दौरान किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बरामद शराब के मामले में आरोपी का नाम और पता अज्ञात है। RPF पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार की लिखित शिकायत के साथ जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपा जाएगा।
कार्रवाई में SI प्रवीण कुमार, ASI चितरंजन सिंह, HC बबुलेश कुमार, CT विवेक कुमार, CT प्रमोद कुमार और टास्क टीम के CT विवेक कुमार शामिल रहे। RPF की इस कार्रवाई से अवैध शराब के परिवहन पर निगरानी और सख्त किए जाने का संकेत मिला है।




