मनीष सिन्हा
धनबाद : सर्व धर्म मेल-जोल अभियान के तहत मिशन हैप्पी धनबाद ट्रस्ट की ओर से बाईपास रोड स्थित RBM मैरिज हॉल में मिशन ब्लड डोनेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहम्मद एजाज अली ने किया। अभियान का उद्देश्य धनबाद में विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर एक लाख रक्तदाताओं का डाटा तैयार करना है, ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर तत्काल रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
अभियान के तहत मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों से रक्तदाताओं को जोड़ने की योजना है। आयोजकों का कहना है कि इस पहल के जरिए एक ऐसा रक्तदाता नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जो जरूरत के समय मरीजों के लिए मददगार साबित हो सके।
कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों और चिकित्सकों ने ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए अभियान को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। वहीं, ग्रामीण एसपी एस.एम. याकूब ने कहा, “ब्लड डोनर्स का कोई मजहब नहीं होता, रक्तदान मानवता की सेवा है।” भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने भी अभियान को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इससे जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और उपस्थित लोगों ने एक लाख रक्तदाताओं का डाटा तैयार करने के लक्ष्य को पूरा करने की प्रतिज्ञा ली। इसके साथ ही सर्व धर्म मेल-जोल की सामूहिक शपथ लेते हुए स्वच्छ, सुंदर और बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि अभियान के माध्यम से अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोग एक मंच पर आकर रक्तदान जैसे मानवीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।




