मनीष सिन्हा
धनबाद : यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे व्यवस्था की निगरानी के तहत बुधवार 12 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 13545 आसनसोल-गया मेमू एक्सप्रेस में टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान यात्रियों और हॉकरों ने धनबाद लेडीज स्क्वायड को एक महिला के बारे में सूचना दी, जो कथित तौर पर खुद को टीटी बताकर यात्रियों के टिकट जांच रही थी।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए धनबाद लेडीज स्क्वायड की प्रभारी श्रीमती नूतन माला कुजूर और अन्य महिला टिकट जांच कर्मचारियों ने महिला की पहचान और प्राधिकरण का सत्यापन किया। जांच के दौरान उसके पास टिकट जांच करने का वैध प्राधिकरण नहीं होने की पुष्टि होने पर रेलवे अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई।
धनबाद स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर जीआरपी को सौंपा
रेलवे के अनुसार मामले की जानकारी धनबाद कमर्शियल कंट्रोल को दी गई। ट्रेन के धनबाद स्टेशन पहुंचने पर उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मौजूदगी में महिला को ट्रेन से उतारा गया।
इसके बाद अग्रेतर आवश्यक कार्रवाई के लिए महिला को जीआरपी, धनबाद के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित रेल पुलिस द्वारा की जा रही है।
यात्रियों से संदिग्ध लोगों की सूचना देने की अपील
धनबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध तरीके से खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर टिकट जांच करता या रेलवे से जुड़ी कोई अन्य गतिविधि करता दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी रेल कर्मचारी को दें।
रेलवे ने यात्रियों से ऐसी स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक सतर्क यात्री किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर देकर रेलवे व्यवस्था को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।




