लोक मंत्रा संवाददाता | धनबाद
धनबाद जिले में आधार सेवाओं को अधिक सुलभ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की पहल पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन प्रयासों से आधार सेवा केंद्रों पर भीड़ कम होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उपायुक्त के आग्रह पर यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची ने धनबाद आधार सेवा केंद्र की सेवा क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में यहां प्रतिदिन औसतन 460 लोग आधार नामांकन एवं अपडेट संबंधी सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं। केंद्र पर संचालित आठ किटों के अतिरिक्त जल्द ही दो नई किट स्थापित की जाएंगी, जिससे कुल किटों की संख्या बढ़कर दस हो जाएगी।
नागरिकों की सुविधा के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से समाहरणालय परिसर में एक नया जिला स्तरीय आधार सेवा केंद्र भी शुरू किया जाएगा। प्रारंभ में यह केंद्र एक किट के साथ संचालित होगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार दो किट तक विस्तारित किया जाएगा।
इसके साथ ही धनबाद के समीपवर्ती बोकारो, गिरिडीह और देवघर जिलों में यूआईडीएआई के आधार सेवा केंद्र पूरी तरह संचालित हो चुके हैं। इससे इन जिलों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही आधार सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और धनबाद केंद्र पर दबाव कम हो रहा है।
जिले के गोविंदपुर और बाघमारा प्रखंडों में भी शीघ्र नए आधार सेवा केंद्र शुरू किए जाएंगे। भविष्य में पंचायत स्तर तक आधार सेवाओं का विस्तार करने की योजना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी नजदीक में सुविधा मिल सके।
यूआईडीएआई पुराने ईसीएमपी (ECMP) सॉफ्टवेयर के स्थान पर चरणबद्ध तरीके से यूनिवर्सल क्लायंट प्रणाली लागू कर रहा है। इससे आधार नामांकन और अपडेट की प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और प्रभावी होगी तथा प्रत्येक आवेदक का समय भी कम लगेगा।
धनबाद मुख्य आधार सेवा केंद्र के अलावा जिले में विभिन्न बैंकों, डाकघरों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से कुल 148 नामांकन एवं अपडेट किट संचालित हैं, जहां नागरिक आधार से संबंधित सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारों से बचने के लिए यूआईडीएआई पोर्टल पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर निर्धारित समय पर ही आधार सेवा केंद्र पहुंचें।




