विक्रम ठाकुर
सिमडेगा। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित मासिक बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जाने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाने और प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक पुरी ने की। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को स्मरण करने का अवसर भी है।
जिला संगठन प्रभारी सुबोध सिंह एवं अशोक बड़ाईक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को अभियान से जोड़ने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में प्रदेश प्रवक्ता ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं और निरंतर जनसंपर्क अभियान पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी मंडल एवं बूथ समितियों को नियमित रूप से सक्रिय रखने तथा संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री रवि गुप्ता ने किया, जबकि जिला महामंत्री मुकेश श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्ग विजय सिंहदेव, श्रद्धानंद बेसरा, सुजान मुंडा, हंसा रानी, कमला कुमारी, अनूप प्रसाद, बिधा बड़ाईक, रामकृष्ण महतो, तुलसी कुमार साहू, उपेंद्र श्रीवास्तव, नरेंद्र बड़ाईक, नीरज बड़ाईक, राकेश रविकांत, मंडल अध्यक्ष विकास साहू, सीताराम प्रसाद, श्रवण गोवंशी, अजय जायसवाल, घनश्याम सिंह, सत्यनारायण प्रसाद, अमित कुमार सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




