रोहित मिश्रा से आशुतोष त्रिपाठी की मुलाकात, संगठन पर हुई अहम चर्चा

प्रतापगढ़ पहुंचे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा से भाजपा नेता आशुतोष त्रिपाठी ने मुलाकात की, संगठन मजबूती और युवाओं को जोड़ने पर चर्चा हुई।

प्रतापगढ़ : भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे डॉ. रोहित मिश्रा से शनिवार को सदर विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पिछले विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता भी जताई।

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन को और मजबूत करने तथा युवाओं को सक्रिय रूप से पार्टी से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि डॉ. रोहित मिश्रा को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना प्रतापगढ़ के लिए गौरव की बात है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से जनपद के सम्मान और गौरव में और चार चांद लगे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. रोहित मिश्रा अपने अनुभव और सक्रिय नेतृत्व के जरिए युवा मोर्चा में नई ऊर्जा का संचार करेंगे। साथ ही प्रदेश स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर शाम भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गृह जनपद पहुंचे डॉ. रोहित मिश्रा का शहर से लेकर गांव तक सैकड़ों युवाओं ने भव्य स्वागत किया था। उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

शनिवार को भी डॉ. रोहित मिश्रा के आवास पर शहर के प्रतिष्ठित लोगों, पार्टी नेताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में परशुराम सेना के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला ने भी उनसे मुलाकात कर नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

डॉ. आशुतोष त्रिपाठी और डॉ. रोहित मिश्रा की इस मुलाकात को सदर विधानसभा के साथ ही जिले की भाजपा राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच संगठन को लेकर हुई चर्चा ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी ध्यान खींचा है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *