मनीष सिन्हा
धनबाद : झरिया पुनर्वास योजना के तहत बेलगड़िया में बनाए गए क्वार्टरों की निर्माण गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बेलगड़िया फेज-2 के क्वार्टर नंबर 444 में सोमवार की रात करीब 3 बजे अचानक छत का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जा गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय छज्जे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुनर्वास क्षेत्र में जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से समय-समय पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जाती है। इसके बावजूद नए क्वार्टरों में इस तरह की घटनाएं सामने आना जांच प्रक्रिया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
छज्जा गिरने की घटना के बाद बेलगड़िया फेज-2 में रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नए बने क्वार्टरों के छज्जे और भवन के अन्य हिस्से इस तरह गिरने लगेंगे, तो यहां रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
लोगों ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुनर्वास क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।




