रतन कुमार अग्रवाल
बलियापुर : झारखंड के बलियापुर के संदीप कुमार मोदी ने राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बोकारो में आयोजित झारखंड क्लासिक बेस्ट लिफ्टर डेडलिफ्ट स्ट्रांग मैन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए संदीप ने पहला स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
संदीप की इस उपलब्धि से बलियापुर में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर प्रखंड की उप प्रमुख आशा देवी उनके आवास पहुंचीं और उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने संदीप की उपलब्धि की सराहना करते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर पर चमके संदीप
सम्मान समारोह के दौरान उप प्रमुख आशा देवी ने कहा कि बलियापुर जैसे ग्रामीण क्षेत्र से आने के बावजूद संदीप ने वेटलिफ्टिंग और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल हासिल कर अपने माता-पिता, प्रखंड और जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि संदीप की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
आशा देवी ने संदीप को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही।
ड्रीम फिजिक जिम सेंटर में ट्रेनर हैं संदीप
संदीप कुमार मोदी वर्तमान में डांगापाड़ा स्थित ड्रीम फिजिक जिम सेंटर में ट्रेनर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि में उनके कोच अंकित गुप्ता का भी सराहनीय योगदान रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद अब संदीप की निगाहें राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां वे अपने प्रदर्शन के दम पर एक और उपलब्धि हासिल करने की तैयारी करेंगे।
इस अवसर पर शिक्षक स्वपन कुमार महतो, बाटुल मोदी, नमिता देवी, शर्मिला मोदी, सूरज मोदी, संगीता कुमारी, वृष्टि कुमारी, विश्वजीत मोदी, सारथी देवी और अशोक मोदी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




