अमेठी : उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, अमेठी की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष महेश सोनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न बाजारों से पहुंचे व्यापारियों ने नगर की समस्याओं पर चर्चा की और उनके समाधान के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग करने का निर्णय लिया।
बैठक के दौरान संगठन को नई मजबूती मिली। विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुड़े 100 से अधिक व्यापारियों ने उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की सदस्यता ग्रहण की। पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में रामलीला मैदान स्थित एमआरएफ सेंटर और पावर हाउस के पास खुले में कूड़ा डाले जाने की समस्या पर चिंता जताई गई। व्यापारियों ने क्षेत्र में फैली गंदगी, दुर्गंध और जल निकासी की खराब व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के समक्ष प्रभावी तरीके से आवाज उठाई जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 12 अगस्त को जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से देशभक्ति का संदेश देने के साथ-साथ नगर भ्रमण भी किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ नगर की जनसमस्याओं को भी प्राथमिकता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता से समस्याओं के समाधान के लिए मजबूत प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में वरिष्ठ जिला महामंत्री सुशील जायसवाल, राहुल लोहिया, सोनू कसौधन, सतीश श्रीवास्तव, कल्पना सिंह, मीनू कश्यप, पवन वैश्य, फारूक राइन, राकेश लोहिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।




