अमेठी हत्याकांड पर ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला, उठाए पीडीए पर सवाल

अमेठी में अंकित कश्यप हत्याकांड को लेकर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सामाजिक न्याय की राजनीति पर सवाल उठाए।

लखनऊ : अमेठी में अंकित कश्यप की हत्या को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि प्रेम विवाह करने वाले एक अति पिछड़े समाज के युवक की हत्या पर सपा नेतृत्व की चुप्पी उसके सामाजिक न्याय के दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पार्टी वास्तव में पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों की बात करती है, तो उसे ऐसी घटनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अंकित कश्यप का अपराध सिर्फ इतना था कि उसने यादव समाज की युवती से प्रेम विवाह किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, लेकिन इस घटना पर अखिलेश यादव की ओर से कोई संवेदना या बयान सामने नहीं आया।

राजभर ने समाजवादी पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की बात करने वाले दलों को हर वर्ग के पीड़ितों की आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने गाजीपुर में राजभर समाज की दो नाबालिग बच्चियों से जुड़ी घटना का जिक्र करते हुए सपा पर चुनिंदा मामलों में राजनीति करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी वंचित और पिछड़े वर्गों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज मजबूत करनी होगी। राजभर ने दावा किया कि जनता अब भेदभाव और गुंडागर्दी की राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक माध्यमों से देगी।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *