अमरगढ़ कोट लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार

प्रतापगढ़ पुलिस ने अमरगढ़ कोट में महिला को बंधक बनाकर हुई लाखों की लूट का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

प्रतापगढ़ : अमरगढ़ कोट में महिला को बंधक बनाकर की गई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रतापगढ़ पुलिस के विशेष अभियान के तहत एसओजी और स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार बीते रविवार शाम करीब 6:45 बजे थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के गोदलपट्टी गांव स्थित अमरगढ़ कोट में रहने वाली चंदा सिंह, पत्नी सुरेश सिंह, को तीन-चार बदमाशों ने घर में बंधक बना लिया था। इसके बाद आरोपी घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया। गुरुवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान पूरे दलपत शाह नहर के पास एसओजी टीम ने बाइक सवार गोविंद सिंह निवासी गोड़े, थाना कोतवाली नगर को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से लूट के जेवरात, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।

वहीं शुक्रवार तड़के जालपा नहर सैफाबाद के पास हुई दूसरी मुठभेड़ में पुलिस ने इसी मामले के दूसरे आरोपी डब्लू वर्मा निवासी पड़री मुश्तर्का, थाना कंधई को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि उसने भी फायरिंग कर भागने का प्रयास किया था, जिसके बाद हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके पास से भी लूट के जेवरात, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।

क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.