मनोज सिन्हा
धनबाद : धनबाद नगर निगम ने नागरिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में एक नई पहल की है। नगर आयुक्त की पहल पर जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण आवेदनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी देने के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग पोर्टल विकसित किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत आवेदन करने वाले प्रत्येक नागरिक को आवेदन के समय QR Code और Registration Number उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके माध्यम से आवेदक अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति ऑनलाइन आसानी से देख सकेंगे।
आवेदक QR Code स्कैन कर या नगर निगम के ट्रैकिंग पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे नागरिकों को बार-बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसके अलावा, जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने के बाद आवेदक घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल से अपना प्रमाण पत्र डाउनलोड भी कर सकेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध हो जाएगी।
धनबाद नगर निगम ने कहा है कि नागरिकों को पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई डिजिटल सुविधा से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाएं अधिक प्रभावी और नागरिकों के लिए सुलभ बनेंगी।




