वासु कुमार
महागामा (गोड्डा) : लंबे समय से वेतन भुगतान और प्रशासनिक समस्याओं का सामना कर रहे महागामा के शिक्षकों के लिए गुरुवार का दिन नई उम्मीद लेकर आया। पीएम श्री मध्य विद्यालय, महागामा में आयोजित झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्पलाइज फेडरेशन (झारोटेफ) के अभिनंदन समारोह में नवनियुक्त निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (डीडीओ) सपन कुमार मंडल ने कहा कि शिक्षकों को समय पर वेतन उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और शिक्षक हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
मध्य विद्यालय महादेव बथान के शिक्षक सपन कुमार मंडल के डीडीओ बनने पर आयोजित समारोह में झारोटेफ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के दौरान शिक्षकों ने नई व्यवस्था से सकारात्मक बदलाव की उम्मीद भी जताई।
अपने संबोधन में सपन कुमार मंडल ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि शिक्षक प्रशासनिक परेशानियों से मुक्त रहेंगे तो विद्यालयों में शैक्षणिक माहौल और बेहतर होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वेतन भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी तथा सभी प्रशासनिक कार्य पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके स्तर से किसी भी शिक्षक को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
हाल के दिनों में जिले के शिक्षकों ने वेतन भुगतान में देरी, सेवा पुस्तिका संधारण और अन्य लंबित मामलों को लेकर अपनी चिंता जताई थी। ऐसे समय में नए डीडीओ का यह आश्वासन शिक्षकों के लिए राहत भरा संदेश माना जा रहा है। शिक्षकों को उम्मीद है कि अब लंबित मामलों का जल्द निष्पादन होगा और विभागीय कार्यों में तेजी आएगी।
समारोह में झारोटेफ के जिला संयुक्त सचिव सह अनुमंडल प्रभारी मुरारी प्रसाद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सह अनुमंडल प्रवक्ता रीतेश रंजन, निलेश कुमार, राजेंद्र पंडित, सनातन कुमार दास, नियाज अहमद, शहजाद अनवर, शाह आलम, कृष्णा कुमारी, सोनी वाजपेयी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने सपन कुमार मंडल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।




