मां-बेटे की असामयिक मौत पर जताई गहरी संवेदना
अमेठी। उत्तर प्रदेश की पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रानी डॉ. अमीता सिंह ने ग्राम नुवांवा पहुंचकर रमेश विश्वकर्मा के घर शोक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने हाल ही में तालाब में डूबने से दिवंगत हुए रमेश विश्वकर्मा के पुत्र और धर्मपत्नी के निधन पर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
डॉ. अमीता सिंह ने कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भैंस को तालाब से निकालने के दौरान बेटा गहरे पानी में डूबने लगा था। उसे बचाने के प्रयास में उसकी मां भी तालाब में उतर गईं और दोनों की डूबने से मौत हो गई। वहीं छोटे बेटे को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।




