सात जिलों में अपराध पर आईजी सख्त, पुलिस कप्तानों को दिए निर्देश

उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के सात जिलों में अपराध, साइबर क्राइम, लंबित कांड और दुर्गापूजा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी ने समीक्षा की।

योगो पूर्ति /मनीष सिन्हा 

बोकारो/धनबाद : उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को समाहरणालय स्थित जिला पुलिस मुख्यालय में सात जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों, संगठित अपराध, साइबर क्राइम और लंबित कांडों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

आईजी ने अधिकारियों को सक्रिय और फरार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के साथ लंबित मामलों का शीघ्र एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साइबर अपराध, एससी-एसटी एक्ट, पॉक्सो, महिला अपराध और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने सभी पुलिस कप्तानों को नियमित रूप से थानों का निरीक्षण करने और थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करने को कहा। साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा लंबित कुर्की वारंटों का जल्द निष्पादन करने के निर्देश दिए। अपराधियों के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई जारी रखने पर भी जोर दिया गया।

आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए सातों जिलों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आईजी ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था ऐसी हो कि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

बैठक में हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा, धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत, बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा, कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष, गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार और चतरा एसपी अनिमेष नथानी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति और विभागीय कार्रवाई से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *