संजय सिंह
समस्तीपुर : कर्पूरी आश्रम स्थित जिला राजद कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय नेता सत्यविंद पासवान ने की, जबकि संचालन जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने किया। कार्यालय सचिव रोशन यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया और विषय प्रवेश राजद शिक्षक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न यादव ने कराया।
गांधी और शास्त्री के विचारों को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और प्रेम के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को शांति तथा सद्भाव का रास्ता दिखाते हैं।
वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान-जय किसान’ के नारे के माध्यम से देश में जवानों और किसानों के महत्व को रेखांकित किया। उनकी सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति को प्रेरणादायी बताया गया।
वक्ताओं ने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेकर गरीबों, किसानों और नौजवानों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रो. राजेंद्र भगत, राकेश कुमार ठाकुर, सत्यविंद पासवान, ललन यादव, शत्रुघ्न यादव, रोशन यादव, पप्पू यादव, विश्वनाथ राम, राजेंद्र राम, राम विनोद पासवान, जय शंकर राय, जय लाल राय, मधुरेश सिन्हा सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



