पचम्बा में दुर्गापूजा की तैयारियों का बजा बिगुल, बनी भव्य योजना

पचम्बा में 2026 दुर्गापूजा को लेकर बैठक में नई समिति का गठन हुआ, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और मेले की व्यवस्था के लिए वालंटियर तैनात होंगे।

 

गिरिडीह : गिरिडीह की उपनगरी पचम्बा स्थित सार्वजनिक दुर्गा स्थान मंदिर परिसर में वर्ष 2026 की दुर्गापूजा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पचम्बा समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान दुर्गापूजा को भव्य, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से संजय कुमार कंधवे को पूजा समिति का अध्यक्ष और दीपक साह को सचिव चुना गया। वहीं प्रमोद कंधवे और पवन कंधवे को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सूरज यादव, सुंदर पांडेय और महादेव पांडेय को उपसचिव बनाया गया। समिति के अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों को भी आयोजन से जुड़ी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने को लेकर चर्चा हुई।

पिछले वर्ष के आय-व्यय का रखा गया ब्यौरा

बैठक में वर्ष 2025 की दुर्गापूजा के आय-व्यय का पूरा हिसाब उपस्थित लोगों के समक्ष रखा गया। खर्च और आय का विवरण साझा किए जाने के बाद लोगों ने आयोजन को लेकर अपने सुझाव भी दिए। समिति ने पूजा आयोजन से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

इस बार लगने वाले मेले की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर बैठक में विशेष चर्चा की गई। मेला परिसर के आसपास चप्पे-चप्पे पर वालंटियर तैनात करने की योजना बनाई गई है। वालंटियर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारू बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति में सहयोग करेंगे।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान पचम्बा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पूजा, मेला, सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाएगा। बैठक में मौजूद लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *