मंदिर के पास सड़क पर मिला अज्ञात शव, रात में वाहन से हादसे की आशंका

लोहरदगा-चंदवा मुख्य सड़क के हेसल गांव में मंदिर के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, पुलिस हादसे समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

लोहरदगा : सदर थाना क्षेत्र के लोहरदगा-चंदवा मुख्य सड़क पर हेसल गांव में मंगलवार सुबह मंदिर के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पुलिस जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और पिछले कुछ समय से इलाके में इधर-उधर घूमता रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे तक वह सड़क के आसपास जीवित अवस्था में मौजूद था। लोगों ने उसे सड़क से हटाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह ठीक से बोल नहीं पा रहा था।

इसके बाद मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने उसे सड़क पर मृत अवस्था में देखा। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही सदर थाना के एएसआई रमेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

शव को अस्पताल पहुंचाने में झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत के जिला अध्यक्ष समशुल अंसारी, समाजसेवी प्रकाश साहू, किशोर उरांव, रफीक अंसारी, रुस्तम अंसारी, बैच उरांव, जावा उरांव, प्रवीण लोहार, अजय उरांव, मुमताज अंसारी और दुर्गा उरांव समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया।

घटना पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष मोज़म्मिल अंसारी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि सड़क पर इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम जरूरी हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। साथ ही घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। मृतक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *