शिवहर : आम लोगों में सुरक्षा का एहसास बढ़ाने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखने के उद्देश्य से शिवहर पुलिस ने बाइक रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में निकली रैली शिवहर थाना परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए चमनपुर तक पहुंची। एसपी ने खुद बाइक चलाकर रैली का नेतृत्व किया और इस दौरान शहर की विधि-व्यवस्था का जायजा भी लिया।
बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
वहीं, ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने नारी सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से आम लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने का संदेश दिया गया।
रैली में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार, यातायात डीएसपी भरत कुमार, साइबर डीएसपी, टाउन थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुनील कुमार झा के अलावा टाइगर मोबाइल दस्ता और बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी शामिल रहीं।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह की रैलियों से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होती है। साथ ही पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से बदमाशों और असामाजिक तत्वों में कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता का संदेश जाता है।




