संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट
शेखपुरा : जिले के जयरामपुर थाना क्षेत्र के तेउस गांव में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। महिला की हत्या के बाद उसके शव को बोरे में बंद कर नदी किनारे झाड़ी में छिपा दिया गया था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर शव को बरामद कर लिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान आरती कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने उसके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और दहेज से संबंधित शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी टीम और जयरामपुर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के क्रम में मिले सुरागों के आधार पर नदी किनारे झाड़ी में छिपाकर रखे गए महिला के शव का पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। मामले में मृतका के पति, ससुर और देवर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब घटना के कारणों, हत्या की परिस्थितियों और इसमें शामिल अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज संबंधी आरोपों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।




