सिमडेगा I सिमडेगा पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत विशेष अभियान चलाकर चोरी और गुम हुए 63 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक अभियान के तहत कुल 636 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। शुक्रवार को लौटाए गए 63 मोबाइल में आठ फोन सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर बरामद किए गए, जबकि 55 मोबाइल तकनीकी संसाधनों और पुलिस के प्रयासों से अलग-अलग स्थानों से खोजे गए।
पुलिस ने बताया कि इन 55 मोबाइल को झारखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से बरामद किया गया। तकनीकी जांच और लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम मोबाइल तक पहुंची और उन्हें जब्त कर वास्तविक मालिकों की पहचान की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोबाइल फोन केवल एक आर्थिक संपत्ति नहीं है, बल्कि उसमें लोगों की निजी जानकारी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य संवेदनशील डेटा भी मौजूद रहता है। ऐसे में मोबाइल के चोरी या गुम होने की स्थिति में उसका गलत इस्तेमाल होने की आशंका रहती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन चोरी या गुम होने पर बिना देरी किए नजदीकी थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी पूरी करें। इससे चोरी या गुम मोबाइल के दुरुपयोग को रोकने के साथ उसकी बरामदगी में पुलिस को मदद मिल सकती है।
सिमडेगा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने में किसी तरह की लापरवाही न बरतें और उपलब्ध तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करें।




