धनबाद I केंदुआडीह बस्ती में करम पूजा महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। आयोजित पूजा कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री श्रीमती अनुपमा सिंह शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान अपने संबोधन में अनुपमा सिंह ने कहा कि करम पर्व आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, प्रकृति के प्रति आस्था और सामाजिक भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहने के साथ प्रकृति के संरक्षण का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि लोक परंपराएं और संस्कृति समाज की पहचान हैं। इन्हें जीवित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। करम पर्व जैसे आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूजा महोत्सव की साफ-सफाई और आयोजन की व्यवस्था में प्रेम कुमार, रवि माहतो, आकाश माहतो, विवेक माहतो, पप्पू महतो समेत अन्य लोगों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
करम पूजा को लेकर पूरे केंदुआडीह बस्ती में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।



