हाइवा ने अधेड़ को कुचला, चार घंटे तुपकाडीह मेनरोड बना रणक्षेत्र

तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 60 वर्षीय नेमचंद ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुए, आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहनों के शीशे तोड़े और सड़क जाम कर दी।

 

तुपकाडीह I नहर किनारे बुधवार को तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 60 वर्षीय नेमचंद ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तुपकाडीह मेनरोड को करीब चार घंटे तक जाम कर दिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए और कुछ वाहनों के पहियों की हवा निकालकर जमकर हंगामा किया। गंभीर रूप से घायल नेमचंद को ग्रामीण तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल लेकर पहुंचे।

ग्रामीणों के अनुसार, नेमचंद ठाकुर सड़क किनारे पैदल सैलून में बाल कटवाने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और हाइवा उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनके शरीर का आधा हिस्सा गंभीर रूप से कुचल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे की सूचना मिलते ही जरीडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ और मेनरोड पर वाहनों का परिचालन ठप रहा।

करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से तुपकाडीह मेनरोड पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों के फंसने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

बाद में पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों और हाइवा मालिक की ओर से बातचीत कराई। हाइवा मालिक की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता देने और घायल नेमचंद ठाकुर के बेहतर इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया। इसके बाद मेनरोड पर वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *